मध्यप्रदेश

MP में प्रभारी मंत्रियों के जिलों में फेरबदल की तैयारी, कैलाश विजयवर्गीय को मिल सकती है भोपाल की जिम्मेदारी

भोपाल
 मध्यप्रदेश की सियासत और प्रशासनिक गलियारों में एक बार फिर बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। प्रदेश सरकार करीब आधा दर्जन मंत्रियों के प्रभार वाले जिलों में फेरबदल की तैयारी कर रही है। सूत्रों के मुताबिक, अगले 35 से 40 दिनों के भीतर प्रभारी मंत्रियों की जिम्मेदारियों में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस संभावित बदलाव में सबसे ज्यादा चर्चा कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को लेकर है।

कैलाश विजयवर्गीय के प्रभार में बदलाव संभव
सूत्रों के अनुसार, कैलाश विजयवर्गीय को उज्जैन या भोपाल जिले का प्रभारी मंत्री बनाया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो उनके मौजूदा प्रभार में भी बदलाव संभव है। हालांकि, इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक निर्णय सामने नहीं आया है।

पार्टी आलाकमान के इशारे पर नजर
बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में सत्ता और संगठन के बीच इस मुद्दे पर चर्चा हो सकती है। मंथन के बाद प्रभारी मंत्रियों के जिलों की नई जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। ऐसे में अब राजनीतिक गलियारों की नजर इस बात पर टिकी है कि आगामी फेरबदल में किन मंत्रियों के जिले बदले जाएंगे और कैलाश विजयवर्गीय को कौन-सा जिला सौंपा जाएगा।

मंत्रियों के प्रभार के जिलों में बदलाव की तैयारी
अगस्त 2024 में सीएम ने मंत्रियों को जिलों का प्रभार सौंपा था। एमपी की आर्थिक राजधानी इंदौर जिले का प्रभार सीएम ने अपने पास रखा था।

दो दिन पहले सीएम ने इंदौर का प्रभार एमएसएमई मंत्री चैतन्य काश्यप को सौंपा है। इस बदलाव के पीछे की वजह है कि कई मंत्री दूरी ज्यादा होने के कारण अपने प्रभार के जिलों में प्रवास पर जा ही नहीं रहे हैं।

मंत्री गण सीएम और संगठन को कई मर्तबा यह बता चुके हैं कि प्रभार के जिलों की दूरी ज्यादा होने के कारण प्रवास नहीं हो पा रहे हैं। ऐसे में अब मंत्रियों के प्रभार के जिलों में बदलाव पर मंथन चल रहा है।

पहले अफसरों फिर मंत्रियों के साथ मंथन करेंगे सीएम
सीएम 2 दिसंबर को विभागों के एसीएस, पीएस और सचिवों के साथ मंथन करेंगे। इसके बाद 22 दिसंबर से दो दिनों तक चित्रकूट में मंत्रियों के साथ सीएम चिंतन बैठक करेंगे।

नागर-विजयवर्गीय के प्रभार के जिले 700 किमी से ज्यादा दूर
प्रदेश के कई मंत्रियों के गृह जिले और उनके प्रभार वाले जिलों की भौगोलिक दूरी का गणित पूरी तरह गड़बड़ाया हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके और नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को हो रही है, जिनके प्रभार वाले जिलों की दूरी उनके गृह जिलों से 700 किलोमीटर से भी अधिक है।

500 से 700 किमी तक का सफर तय कर रहे ये मंत्री
उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को गृह जिले मंदसौर से देवास (245 किमी) के साथ महाकौशल के जबलपुर का प्रभार मिला है, जिसकी दूरी मंदसौर से करीब 690 किलोमीटर (भोपाल से 320 किमी) है।

ग्वालियर के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर को शिवपुरी (115 किमी) के अलावा नवगठित पांढुरना जिले का प्रभार सौंपा गया है, जो ग्वालियर से लगभग 675 किलोमीटर (भोपाल से 335 किमी) दूर है।

वहीं नरसिंहपुर के मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल को रीवा (320 किमी) के साथ चंबल के भिण्ड का प्रभार मिला है, जो उनके गृह जिले से करीब 510 किलोमीटर दूर है।

इंदौर के मंत्री तुलसीराम सिलावट को भी बुरहानपुर (180 किमी) के साथ ग्वालियर का प्रभार मिला है, जिसकी दूरी इंदौर से लगभग 510 किलोमीटर है।

अन्य प्रमुख मंत्रियों के प्रभार और दूरी
सीहोर के करण सिंह वर्मा को चंबल के मुरैना (गृह जिले से 495 किमी) और सिवनी (375 किमी) की कमान मिली है। दमोह के धर्मेन्द्र सिंह लोधी को निमाड़ के खण्डवा (480 किमी) और छतरपुर के दिलीप अहिरवार को अनूपपुर (435 किमी) का प्रभार सौंपा गया है।

ग्वालियर के नारायण सिंह कुशवाह को निवाड़ी (140 किमी) के साथ शाजापुर (405 किमी), उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल को रीवा से शहडोल (170 किमी) व सागर (365 किमी) तथा राजगढ़ के गौतम टेटवाल को उज्जैन (165 किमी) व बड़वानी (340 किमी) की जिम्मेदारी मिली है।

सतना की प्रतिमा बागरी को डिण्डोरी (315 किमी), भिण्ड के राकेश शुक्ला को अशोकनगर (315 किमी) व श्योपुर (285 किमी), खंडवा के विजय शाह को झाबुआ (290 किमी) व रतलाम (270 किमी) और दमोह के लखन पटेल को मऊगंज (280 किमी) व विदिशा (215 किमी) का प्रभार दिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button