Uttar Pradesh

आंबेडकर के नाम पर दलितों को गुमराह कर रहे अखिलेश यादव- लालजी प्रसाद निर्मल

आंबेडकर के नाम पर दलितों को गुमराह कर रहे अखिलेश यादव- लालजी प्रसाद निर्मल

सपा का चुनावी प्रणपत्र छलावा और दलित विरोधी, आंबेडकर का जिक्र तक नहीं- डॉ. निर्मल

डॉ. आंबेडकर सहित दलित महापुरुषों के नाम हटाए जाने पर अखिलेश की चुप्पी पर उठाए सवाल

पांच साल में एक लाख से कम नौकरियां देने वाली सपा अब 25 लाख रोजगार कैसे देगी, डॉ. निर्मल ने उठाया सवाल

लखनऊ,
 विधान परिषद सदस्य एवं उत्तर प्रदेश वित्त एवं विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल ने समाजवादी पार्टी के चुनावी प्रणपत्र को छलावा और दलित विरोधी बताते हुए सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सपा के प्रणपत्र में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर का जिक्र तक नहीं है। अखिलेश यादव आंबेडकर का नाम लेकर केवल दलितों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।

डॉ. निर्मल ने कहा कि अखिलेश यादव अपने कार्यकाल में डॉ. आंबेडकर सहित दलित महापुरुषों के नाम हटाए जाने के मामले पर खामोश हैं। उनकी चुप्पी बताती है कि उन्हें महापुरुषों के अपमान का कोई अफसोस नहीं है। सपा के प्रणपत्र में ठेकेदारी में दलितों का आरक्षण समाप्त किए जाने पर माफी मांगने की बात भी नहीं है। इसी तरह दलितों को प्रोन्नति में आरक्षण देने संबंधी विधेयक फाड़े जाने और करीब दो लाख दलित कर्मचारियों को रिवर्ट किए जाने पर भी कोई खेद नहीं जताया गया है।

एमएलसी डॉ. निर्मल ने कहा कि सपा सरकार ने नई राजस्व संहिता के माध्यम से ग्राम पंचायत की जमीनों के पट्टे आवंटन में दलितों की प्राथमिकता समाप्त कर दी थी। प्रणपत्र में इस व्यवस्था की बहाली का भी कोई आश्वासन नहीं दिया गया है। इतना ही नहीं, दलितों की जमीनों की सुरक्षा को लेकर भी कोई स्पष्ट भरोसा नहीं दिया गया है।

डॉ. निर्मल ने सपा के 25 लाख नौकरियां देने के वादे पर सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी ने अपने पांच साल के शासनकाल में एक लाख से भी कम नौकरियां दी थीं। उन्होंने पूछा कि जब प्रदेश में इतने सरकारी पद उपलब्ध नहीं हैं तो सपा 25 लाख नौकरियां कैसे देगी? क्या इसके लिए नए पद सृजित किए जाएंगे या यह केवल वोट हासिल करने के लिए किया गया लोकलुभावन वादा है?

उन्होंने कहा कि सपा ने दिखावे के लिए पार्टी में आंबेडकर वाहिनी बनाई और अपने कार्यक्रमों की शुरुआत बाबा साहब का नाम लेकर करती है, लेकिन चुनावी प्रणपत्र में उनका जिक्र तक नहीं किया गया। इससे साफ है कि अखिलेश यादव आंबेडकर का नाम लेकर सिर्फ दलितों के साथ छलावा कर रहे हैं। पूरे प्रणपत्र में पीडीए के हित की कोई बात नहीं की गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button