मध्यप्रदेश

भारत में बढ़ रहा चीतों का कुनबा, वन्यजीव संरक्षण को मिली नई ऊर्जा

चीतों की बढ़ती संख्या और भारत की धरती पर नई पीढ़ी का लगातार जन्म वन्यजीव संरक्षण को दे रहा नई ऊर्जाः मुख्यमंत्री डॉ. यादव

देश में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हुई, भारत की धरती पर जन्मे 43 चीते

भोपाल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि चीतों की बढ़ती संख्या और भारत की धरती पर उनकी नई पीढ़ी का जन्म वन्यजीव संरक्षण के प्रयासों को नई ऊर्जा प्रदान कर रहा है। यह उपलब्धि प्रोजेक्ट चीता की सफलता और मध्यप्रदेश में चीतों के संरक्षण के लिए किए जा रहे सतत प्रयासों का प्रमाण है। भारत में चीतों की पुनर्स्थापना का अभियान अब प्राकृतिक प्रजनन और नई पीढ़ी के संरक्षण के महत्वपूर्ण चरण में पहुंच रहा है। भारत में चीतों की संख्या बढ़कर 62 हो गई है। इनमें से 43 चीते भारत की धरती पर जन्मे हैं। प्रदेश में कूनो राष्ट्रीय उद्यान में 56, गांधी सागर वन्यजीव अभयारण्य में 4 और नौरादेही वन्यजीव अभयारण्य में 2 चीते हैं।

प्रोजेक्ट चीता की ऐतिहासिक यात्रा
भारत में चीतों की पुनर्स्थापना के लिए प्रोजेक्ट चीता की शुरुआत 17 सितंबर 2022 को हुई थी। इस अवसर पर नामीबिया से 8 चीते लाकर कूनो राष्ट्रीय उद्यान में छोड़े गए थे। इसके बाद फरवरी 2023 में दक्षिण अफ्रीका से 12 चीते भारत लाए गए। फरवरी 2026 में बोत्सवाना से 9 चीतों को लाकर इस अभियान को आगे बढ़ाया गया। प्रोजेक्ट चीता के अंतर्गत चीतों के संरक्षण, उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और अनुकूल आवास की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, वन्यजीव विशेषज्ञ और पशु चिकित्सक लगातार निगरानी एवं देखभाल के कार्य में जुटे हैं।

प्राकृतिक प्रजनन से मिल रही सफलता
भारत की धरती पर चीतों का प्रजनन और शावकों का जन्म इस परियोजना की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 20 नवंबर 2026 को कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता KGP12 ने चार शावकों को जन्म दिया। चीतों की संख्या में यह वृद्धि दर्शाती है कि भारत में उनके अनुकूल वातावरण विकसित करने और संरक्षण के प्रयास सकारात्मक परिणाम दे रहे हैं। अब यह अभियान केवल चीतों को भारत लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां उनकी नई पीढ़ी के विकास और दीर्घकालिक संरक्षण की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

संरक्षण के लिए सतत प्रयास
मध्यप्रदेश में कूनो राष्ट्रीय उद्यान के साथ गांधी सागर और नौरादेही में भी चीतों के संरक्षण की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। चीतों की सुरक्षा, स्वास्थ्य परीक्षण, नियमित निगरानी, आवास प्रबंधन और उनकी प्राकृतिक गतिविधियों के अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। प्रोजेक्ट चीता की उपलब्धियां वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में भारत के प्रयासों को नई पहचान दे रही हैं। भारत की धरती पर चीतों की बढ़ती संख्या और नई पीढ़ी का जन्म इस दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button