बिना तंदूर और ओवन के घर पर बनाएं होटल जैसी कुरकुरी तंदूरी रोटी, अपनाएं ये आसान ट्रिक

जब भी हम किसी होटल या रेस्टोरेंट में खाना खाने जाते हैं तो दाल-सब्जी के साथ तंदूरी रोटी खाना पसंद करते हैं. इसका स्वाद और हल्का कुरकुरापन खाने का मजा दोगुना कर देता है. लेकिन घर पर तंदूरी रोटी बनाने की बात आती है तो ज्यादातर लोग सोचते हैं कि इसके लिए बड़े तंदूर या ओवन की जरूरत होगी. हालांकि, ऐसा बिल्कुल नहीं है.

आप अपने घर में रोजाना इस्तेमाल होने वाले प्रेशर कुकर की मदद से भी होटल जैसी टेस्टी तंदूरी रोटी बना सकते हैं. इसके लिए आपको न तो किसी खास मशीन की जरूरत है और न ही ज्यादा मेहनत करने की. बस आटा गूंथने से लेकर रोटी सेंकने तक कुछ आसान बातों का ध्यान रखना होगा. तो आइए जानते हैं घर पर प्रेशर कुकर की मदद से तंदूरी रोटी बनाने का आसान तरीका और इसके लिए किन-किन चीजों की जरूरत होगी.

इंग्रेडिएंट्स (Ingredients)
2 कप मैदा

1 कप गेहूं का आटा

1 छोटा चम्मच बेकिंग पाउडर

चुटकी भर नमक

½ कप दही

जरूरत के अनुसार हल्का गर्म दूध
थोड़ी सी चीनी
2 बड़े चम्मच तेल
बारीक कटा हुआ लहसुन
बारीक कटा हरा धनिया
थोड़ी सी कलौंजी
जरूरत के अनुसार मक्खन या देसी घी

प्रेशर कुकर में तंदूरी रोटी कैसे बनाएं?

  • तंदूरी रोटी बनाने के लिए सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मैदा और गेहूं का आटा लें. इसमें बेकिंग पाउडर और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें. अब एक अलग कटोरी में हल्का गर्म दूध, दही, चीनी और तेल डालकर मिक्स करें. इस मिश्रण को धीरे-धीरे आटे में डालें और नरम आटा गूंथ लें. इसके बाद आटे को ढककर करीब 30 मिनट के लिए रख दें.
  • जब आटा अच्छी तरह सेट हो जाए, तो इसकी छोटी-छोटी लोइयां बना लें. अब एक लोई लेकर उसे गोल या लंबा आकार देते हुए बेल लें. इसके ऊपर बारीक कटा लहसुन, हरा धनिया और थोड़ी सी कलौंजी डालें. बेलन की मदद से इन्हें हल्के हाथों से दबा दें, ताकि ये रोटी पर अच्छी तरह चिपक जाएं.
  • अब गैस पर प्रेशर कुकर को उल्टा करके गर्म करें. इस दौरान रोटी के दूसरी तरफ यानी जिस तरफ मसाले नहीं लगाए हैं, वहां थोड़ा पानी लगाएं. पानी लगी सतह को गर्म कुकर की अंदरूनी दीवार पर चिपका दें. इसी तरह कुकर की दीवारों पर 2 से 3 रोटियां लगा सकते हैं.
  • कुछ देर बाद रोटियां फूलने लगेंगी और उन पर सुनहरे भूरे निशान दिखाई देने लगेंगे. जब रोटियां अच्छी तरह सिक जाएं, तो उन्हें सावधानी से निकाल लें. इसके बाद चाहें तो रोटी को गैस की आंच पर हल्का सा सेंक सकते हैं. आखिर में गर्मागर्म रोटी पर मक्खन या देसी घी लगाएं.
  • बस तैयार है आपकी होटल जैसी टेस्टी और कुरकुरी तंदूरी रोटी. इसे दाल मखनी, पनीर की सब्जी, मटर पनीर या अपनी पसंद की किसी भी ग्रेवी वाली सब्जी के साथ परोस सकते हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button