मध्यप्रदेश

ग्वालियर में दर्दनाक हादसा: टेंपो की मोटर में उलझा बुजुर्ग का शॉल, गला कसने से मौत

ग्वालियर

 ग्वालियर में ठंड से बचने के लिए गले में डाला गया शॉल एक बुजुर्ग की मौत की वजह बन गया। रेलवे स्टेशन जाने के लिए टेंपो में बैठे 77 वर्षीय नंदकिशोर सिंह गौतम का शॉल सीट के नीचे लगी मोटर में फंस गया। इससे उनके गले में फंदा कस गया और वह झटके से सड़क पर जा गिरे। सिर और शरीर में गंभीर चोट आने से उनकी मौत हो गई। हादसा सोमवार शाम करीब 7 बजे स्टेशन से 100 मीटर पहले मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के पास हुआ।

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

टेंपो में सवार लोगों और राहगीरों की मदद से उन्हें जयारोग्य अस्पताल (जेएएच) के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पड़ाव थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पोस्टमार्टम के लिए डेड हाउस में रखवा दिया है। टेंपो को जब्त कर चालक के खिलाफ जांच की जा रही है।

आजमगढ़ जाने के लिए घर से निकले थे

नंदकिशोर सिंह गौतम शहर के उपनगर मुरार के परसादीपुरा स्थित संकट मोचन नगर में रहते थे। घर के पास ही उनकी दुकान थी। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में उनका मकान बन रहा है। इससे जुड़ी जमीन के केस के सिलसिले में वे वहां जाने के लिए घर से निकले थे। वे मुरार से टेंपो क्रमांक MP07 RA-5809 में चालक के बगल वाली आगे की सीट पर बैठे थे। टेंपो जैसे ही मंशापूर्ण हनुमान मंदिर के पास पहुंचा, उनके गले में लिपटा शॉल नीचे लटककर सीट के नीचे लगी मोटर में फंस गया। शॉल खिंचने से गले में फंदा कस गया। चालक के टेंपो रोकने से पहले ही वे झटके से नीचे सड़क पर गिर पड़े।

पोते को राहगीर ने फोन कर दी सूचना

मृतक के 18 वर्षीय पोते प्रदीप सिंह ने पुलिस को बताया कि शाम करीब 6 बजे दादाजी के मोबाइल से किसी राहगीर ने फोन कर हादसे की सूचना दी थी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि पुलिस उन्हें जेएएच के ट्रॉमा सेंटर ले गई है। वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोते प्रदीप और पोती चेतना सिंह की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है। टेंपो चालक से पूछताछ और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

सर्दियों में सफर के दौरान रखें सावधानी

टेंपो या ई-रिक्शा में आगे की सीट पर बैठते समय शॉल, मफलर या दुपट्टे को इस तरह रखें कि उसका सिरा नीचे न लटके। ढीले कपड़ों को सीट के नीचे लगी मोटर, चेन या पहियों के पास जाने से बचाएं। बाइक या स्कूटी पर बैठते समय भी गले में लटक रहे कपड़ों का विशेष ध्यान रखें और बच्चों के कपड़ों का सिरा भी पहियों की तरफ न जाने दें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button