मध्यप्रदेश

नकली और मिलावटी शराब के प्रति कर रहे हैं जागरूक

पन्ना
पन्ना जिले में आबकारी विभाग पोस्टर के माध्यम से लोगों में जागरूकता फैला रहा है। आबकारी आयुक्त दीपक सक्सेना और पन्ना कलेक्टर हर्ष सिंह के निर्देश पर उपायुक्त आबकारी सागर संभाग आलोक खरे एवं जिला आबकारी अधिकारी मुकेश मौर्य के मार्गदर्शन में आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त पन्ना मुकेश पाण्डेय द्वारा पन्ना वृत्त की सभी शराब दुकानों पर जागरूकता के लिए पोस्टर लगाए गए हैं। नकली और मिलावटी शराब से बचने के लिए पोस्टर में असली शराब की पहचान बताई गई है। पोस्टर में बताया गया है कि शासन द्वारा निर्धारित लायसेंसी शराब दुकान से ही हमेशा शराब खरीदें, क्योंकि अन्य स्थानों से खरीदी गई शराब नकली, मिलावटी और जहरीली भी हो सकती है।  इसके अलावा निर्धारित मूल्य से सस्ती बिकने वाली शराब भी मिलावटी और नकली हो सकती है।

आबकारी विभाग द्वारा शराब की प्रत्येक बोतल पर विशेष लेबल लगाए जाते हैं, जिनकी कॉपी आसानी से नहीं हो सकती है। देशी शराब के ढक्कन पर गुलाबी या नारंगी रंग का लेबल होता है, जबकि अंग्रेजी शराब पर नीले रंग का लेबल लगा होता है। इसके अलावा यदि किसी अन्य रंग का लेबल लगा मिलता है, उसके फोटोकॉपी होने की संभावना हो सकती है। उक्त लेबल वाली शराब नकली या मिलावटी हो सकती है। इस लेबल के एक कोने पर क्यूआर को मोबाइल फोन से स्कैन करने उस बोतल की शराब की पूरी जानकारी सामने आ जाती है। इसमें बॉटलिंग इकाई का नाम, बैच क्रमांक और दिनांक सहित लेबल क्रमांक आदि की जानकारी दिखती है। यदि क्यूआर स्कैन नहीं हो रहा है, तो वह शराब नकली या मिलावटी हो सकती है।  बोतल के ढक्कन पर लगी सील पर नारंगी रंग की डायगोनल आकृति बनी होती है।

फोटोकॉपी करने पर इसका रंग बदल जाता है। इसलिए नारंगी के अलावा अन्य रंग होने पर मिलावटी और नकली शराब हो सकती है । इसके अलावा शासन द्वारा निर्धारित लायसेंसी शराब दुकान की लोकेशन जानने के लिए आबकारी विभाग द्वारा व्हाट्स ऐप नंबर 7512452810 जारी किया गया है।  इस नंबर पर व्हाट्स ऐप पर हाय लिखने पर विभाग द्वारा शराब दुकान की लोकेशन, शराब के रेट, लायसेंस आदि की जानकारी मिल जाती है। उपनिरीक्षक मुकेश पाण्डेय ने शराब दुकान पर पोस्टर लगवाने के साथ ही शराब दुकान के ग्राहकों को इस संबंध में विस्तार से जानकारी भी दी।  सभी शराब उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि शासन द्वारा निर्धारित लायसेंसी शराब दुकान से ही शराब क्रय कर उपयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button