छत्तीसगढ़

कोरबा के चर्च में मतांतरण के आरोप पर हंगामा, प्रार्थना सभा में घुसे बजरंग दल के कार्यकर्ता

कोरबा 

 रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र के ओमपुर स्थित चर्च में मतांतरण के आरोप को लेकर रविवार को विवाद हो गया। बजरंग दल के कार्यकर्ता प्रार्थना सभा के दौरान चर्च के भीतर पहुंचे और वहां मतांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध जताया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई।

मसीही समुदाय ने बजरंग दल कार्यकर्ताओं पर महिलाओं और बच्चों से अभद्रता, मारपीट तथा कार में तोड़फोड़ करने का आरोप लगाया। वहीं, बजरंग दल की ओर से प्रार्थना सभा की वीडियोग्राफी कर रहे कार्यकर्ता के साथ पास्टर और अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। घटना के विरोध में मसीही समुदाय के लोगों ने कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर पास्टर पीतांबर सिंह समेत सात लोगों के विरुद्ध काउंटर केस दर्ज किया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा गया है कि पास्टर गौतम सिंह आठ नवंबर को ओमपुर स्थित चर्च में मसीही समाज के लोगों के साथ प्रार्थना कर रहे थे। इसी दौरान बजरंग दल से जुड़े प्रवीण राठौर, मयंक और यश दास चर्च के भीतर पहुंचे। उन्होंने वहां मतांतरण कराए जाने का आरोप लगाते हुए विरोध शुरू किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। पंप हाउस निवासी पास्टर गौतम सिंह ने आरोप लगाया है कि प्रवीण राठौर ने उन्हें वेदी से खींचकर कालर पकड़ा और जान से मारने की धमकी दी।

मयंक और यश दास पर भी मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में ब्रिज लाल के साथ मारपीट कर उनकी शर्ट फाड़ने तथा गौतम सिंह की पत्नी अंजू के साथ मारपीट कर बाल पकड़कर घसीटने का आरोप लगाया गया है। चर्च में मौजूद अन्य महिलाओं और छोटे बच्चों से भी गाली-गलौज व मारपीट किए जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने घर के बाहर खड़ी अपनी मारुति-800 कार के चारों शीशे तोड़ने और दरवाजे को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया है।

दूसरी ओर, बजरंग दल के जिला संयोजक राणा मुखर्जी ने बताया कि एसईसीएल के आवास में कथित रूप से अवैध तरीके से चर्च संचालित किए जाने की शिकायत पुलिस से की गई थी। इस पर पुलिस ने पास्टर गौतम सिंह को नोटिस जारी किया था। इसके बावजूद वहां प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी।

मुखर्जी ने कहा कि बजरंग दल का एक कार्यकर्ता चर्च में चल रही गतिविधियों का वीडियो बना रहा था। इसी दौरान पास्टर गौतम सिंह, पीतांबर सिंह और अन्य लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इस घटना से कार्यकर्ताओं में नाराजगी फैल गई और वे विरोध करने चर्च पहुंचे थे।

बजरंग दल की शिकायत में पास्टर पीतांबर सिंह समेत तीन अन्य लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है। घटना के बाद मसीही समुदाय के लोगों ने आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर कोरबा-रजगामार मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर दिया। प्रदर्शन के कारण आवागमन बाधित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर जाम समाप्त कराया। तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि घटना को लेकर दोनों पक्षों की ओर से शिकायत मिली है। शिकायतों के आधार पर काउंटर केस दर्ज किया गया है। पीतांबर सिंह की रिपोर्ट पर प्रवीण राठौर, मयंक और यश दास के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 324, 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वहीं, बजरंग दल की शिकायत पर पास्टर गौतम, पीतांबर सिंह समेत तीन अन्य के खिलाफ भी मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button