Uttar Pradesh

मिशन-2027 को साधने के लिए बीजेपी की लखनऊ में होगी बड़ी बैठक, अमित शाह देंगे चुनावी तेवर

लखनऊ
 भाजपा हर कदम चुनावी बनाते हुए मिशन-2027 को भेदने निकल पड़ी है। भाजपा 30 और 31 अक्टूबर को लखनऊ में प्रदेश कार्यसमिति की सबसे बड़ी संगठनात्मक बैठक करेगी, जिसमें गृहमंत्री अमित शाह प्रदेश के चुनावी तेवर को नया स्वर देंगे। शाह यूपी की गहरी राजनीतिक समझ रखते हैं।

चर्चा है कि वह नवंबर में सभी बूथ अध्यक्षों एवं शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ संवाद कर 2017 के चुनावी माडल को फिर से जमीन पर उतारेंगे। हालांकि पहले प्रदेश कार्यसमिति की जंबो टीम घोषित करनी होगी। युवा मोर्चा समेत कई अन्य इकाइयां भी गठित की जाएंगी।

कार्यसमिति की बैठक के विशेष चुनावी मायने
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत प्रदेश के सभी राष्ट्रीय पदाधिकारी, केंद्र एवं राज्य सरकार में मंत्री, सांसद, विधायक एवं संगठन के चेहरे शामिल होंगे। कार्यसमिति की बैठक विधान सभा चुनाव से चंद माह पहले आयोजित की जा रही है, जिसके विशेष चुनावी मायने होंगे।

पिछली प्रदेश कार्यसमिति 14 जुलाई 2024 को लखनऊ में आयोजित की गई, जिसमें तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन-2027 की रूपरेखा तय की थी, लेकिन अब चुनावी परीक्षा सामने है। इस बीच पार्टी के सामने कई चिंताजनक तस्वीरें उभरी हैं।

प्रदेश से लेकर क्षेत्रीय एवं जिला इकाइयों तक के गठन में हुई देरी को लेकर राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष नाराजगी जता चुके हैं। अभी तक युवा एवं अल्पसंख्यक मोर्चे की प्रदेश, क्षेत्रीय एवं जिला टीमें नहीं बनाई जा सकीं। क्षेत्र से जिला तक के संगठनों एवं मोर्चों की घोषणा होते ही प्रदेश में कई स्थानों से विरोध एवं आरोपों के स्वर फूटे।

कई नए एवं बाहरियों को तवज्जो
यूजीसी, आरक्षण एवं जेनजी आक्रोश जैसे विषय पार्टी की धड़कन बढ़ा रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े एवं सभी सह प्रभारियों के सामने प्रदेशभर के कार्यकर्ता ज्यादातर विधायकों के प्रति नाराजगी जता चुके हैं। उनका आरोप है कि संगठन में मूल एवं अनुभवी कार्यकर्ताओं पर कई नए एवं बाहरियों को तवज्जो दी गई है।

एमएलसी चुनाव में पार्टी बगावत एवं विरोध से जूझ रही है। रणनीतिकारों का कहना है कि 2017 में प्रदेश प्रभारी रहते हुए जिस प्रकार अमित शाह ने माइक्रोमैनेजमेंट के जरिए रिकार्ड जीत दिलाई, वैसी ही पटकथा इस बार दोहराने की कसरत होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button