मध्यप्रदेश

धार में वराह मार्च पर रोक, 1 हजार तक पुलिसकर्मी तैनात; 7 गिरफ्तार, ड्रोन से निगरानी

धार 

धार शहर में आज 15 सितंबर को प्रस्तावित वराह मार्च को लेकर पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। सनातन प्रहरी समिति ने दोपहर 2 बजे पीजी कॉलेज से विजय कीर्ति मंदिर तक बाइक रैली निकालने का आह्वान किया था। प्रशासन ने रैली निरस्त कर दी है। 

वराह मार्च को लेकर 7 लोग गिरफ्तार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर ने बताया कि वराह मार्च बाइक रैली का आह्वान किया गया था, जिसे प्रशासन ने निरस्त कर दिया है। पुलिस के अनुसार, कानून व्यवस्था की स्थिति बनने की संभावना को देखते हुए 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

लाट मस्जिद यानी विजय मंदिर आज बंद
कानून व्यवस्था की दृष्टि से लाट मस्जिद यानी विजय मंदिर को भी मंगलवार को ASI ने बंद रखा है। जिस स्थल तक वराह मार्च ले जाने की घोषणा की गई थी, उसे हिंदू समाज विजय मंदिर और मुस्लिम समाज लाट मस्जिद के नाम से संबोधित करता है।

मुस्लिम समाज के लोग यहां नमाज अदा करते हैं, जबकि हिंदू समाज की ओर से दशहरा पर्व पर मिलन समारोह आयोजित किया जाता है। संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन ने आज इस संरक्षित स्थल को बंद रखने का निर्णय लिया है।

CCTV, हाईराइज बिल्डिंग और ड्रोन से निगरानी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर के मुताबिक, पूरे शहर में पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। CCTV कैमरों, हाईराइज बिल्डिंग और ड्रोन के माध्यम से शहर की निगरानी की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रशासन ने शहर के बाहर से आने वाले लोगों से भी धार नहीं आने की अपील की है। इससे पहले पुलिस-प्रशासन ने शहर में लगाए गए वराह मार्च से जुड़े पोस्टर और बैनर भी हटवा दिए थे।.

मुस्लिम समाज की वाहन रैली की अनुमति भी निरस्त
इसी दिन मुस्लिम समाज की ओर से भी वाहन रैली निकालने को लेकर आवेदन दिया गया था। प्रशासन ने उसकी अनुमति भी निरस्त कर दी है। पुलिस-प्रशासन का कहना है कि कानून व्यवस्था को देखते हुए धार शहर में किसी भी प्रकार की रैली या अन्य आयोजन की अनुमति नहीं दी गई है। शहर में पहले से धारा 163 लागू है।

भोजशाला के बाद वराह मार्च को लेकर बढ़ी संवेदनशीलता
भोजशाला से जुड़े मामलों के बाद अब वराह मार्च को लेकर भी धार में माहौल संवेदनशील बना हुआ है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने, संरक्षित इमारत को नुकसान पहुंचाने या किसी भी तरह की अनधिकृत गतिविधि करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल पुलिस के मुताबिक शहर में स्थिति सामान्य है। दोपहर 2 बजे प्रस्तावित मार्च के समय सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी रहेगी और पुलिस बल लगातार निगरानी बनाए रखेगा।

विजय मंदिर की तीन लेयर में बैरिकेडिंग
संरक्षित इमारत विजय मंदिर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इमारत की पूरी तरह बैरिकेडिंग की गई है। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है। सुरक्षा के लिए तीन लेयर में बैरिकेडिंग की गई है।

पुलिस के एएसआई सहित जवान मौके पर लगातार निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से चेतावनी बैनर भी लगाया गया है। इसमें स्पष्ट किया गया है कि इमारत को किसी भी प्रकार की क्षति पहुंचाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button