मध्यप्रदेश

प्रेमिका से तंग युवक ने उठाया खौफनाक कदम, मौत से पहले बनाया वीडियो हुआ वायरल

सिवनी

 कोतवाली थाना क्षेत्र में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कटंगी नाका क्षेत्र निवासी एक युवक ने सोमवार सुबह घर में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। मरने से पहले युवक कपिल भलावी ने मोबाइल पर अपना वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें वह अपनी प्रेमिका (पत्नी) पर परिवार के दबाव में आकर उसे (मृतक को) धोखा देने का आरोप लगा रहा है।

युवती को चेतावनी देते हुए वीडियो में युवक मरने से पहले कहता दिख रहा है कि "आज मैं सुसाइड तो कर रहा हूं लेकिन इतना याद रखना कि तेरे पीछे भूत ही दौड़ेगा मेरा। मैं अकाल मृत्यु मर रहा हूं। मरने के बाद मैं तेरे ऊपर और तेरे पूरे परिवार के ऊपर झूमूंगा। तुमको जान से मारे बगैर छोडूंगा नहीं।"

मृतक का यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया में प्रसारित हो रहा है। मृतक कपिल भलावी का एक अन्य वीडियो भी इंटरनेट मीडिया में प्रसारित हो रहा है, जिसमें युवक कहता दिख रहा है कि युवती ने उससे शादी की थी। लेकिन परिवार की प्रताड़ना के कारण वह मेरे साथ नहीं रहना चाहती है। युवती के सगे भाई और चचेरे भाई पर जान से मारने की धमकी देने सहित कई गंभीर आरोप मृतक ने इंटरनेट मीडिया में अपलोड वीडियो में लगाए हैं।
वीडियो सामने आते ही मामले ने तूल पकड़ा, परिजनों ने थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

दरअसल 31 अगस्त की सुबह कोतवाली पुलिस को शहर के कटंगी नाका क्षेत्र के घर में एक युवक कपिल भलावी के घर में फांसी लगाकर खुदकुशी करने की सूचना मिली थी। लेकिन खुदकुशी से पहले युवक ने वीडियो खुद के इंटरनेट मीडिया अकाउंट में साझा कर दिया था, जिसके सामने आते ही मामले ने तूल पकड़ लिया।

इंस्टाग्राम पर साझा किए गए वीडियो में युवक अपनी मौत के लिए प्रेमिका और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहरा रहा है। घटना के बाद आक्रोशित परिजन एम्बुलेंस में युवक का शव लेकर कोतवाली थाना परिसर पहुंच गए और पुलिस अधिकारियों को आपबीती बताते हुए आरोपी युवती व उसके परिजनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

मृतक के परिजनों ने पुलिस को बताया कि कपिल का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग था और दोनों ने कुछ समय पूर्व गायत्री मंदिर में विवाह भी किया था। बाद में युवती उसे छोड़कर चली गई, जिसके बाद से कपिल लगातार गहरे तनाव में था। इसी मानसिक उलझन व विवाद के चलते उसे यह खौफनाक कदम उठाना पड़ा है।

मृतक के परिवार को पुलिस ने दिया गंभीरता से मामले में जांच का आश्वासन

मौत से पहले इंटरनेट मीडिया में वायरल हुए वीडियो और उसमें लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। एसडीओपी चंचलेश मरकाम और कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने परिजनों से चर्चा कर मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई का भरोसा दिया, इसके बाद परिजनों ने विरोध प्रदर्शन समाप्त किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। कोतवाली थाना प्रभारी (टीआई) सतीश तिवारी ने बताया कि परिजनों की शिकायत को पुलिस ने विस्तृत जांच में लिया है। इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित युवक के वीडियो के संबंध में जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो में कही गई बातों, युवक की मौत के बीच के संबंध और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों सहित सभी पहलुओं की बारीकी से और पूरी तरह निष्पक्ष जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

कोतवाली थाना प्रभारी सतीश तिवारी ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी में युवक द्वारा एक युवती से गायत्री मंदिर में विवाह करने और बाद में युवती के अलग होकर परिवार के साथ नागपुर जाने की बात सामने आई है। प्रसारित वीडियो की फॉरेंसिक जांच कराई जा रही है। साथ ही युवती के परिवार की ओर से प्राप्त आवेदन को भी पुलिस ने जांच में लिया है। पुलिस सभी पहलुओं पर बारीकी से जांच कर रही है। जांच में यदि किसी व्यक्ति की भूमिका या खुदकुशी के लिए उकसाने संबंधी तथ्य सामने आते हैं, तो इसी आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button