बारिश में बनाएं हलवाई जैसे खस्ता आलू-मटर समोसे, जानें परफेक्ट रेसिपी

बारिश में जब भी होती है तो हर कोई सबसे पहले गरमा-गरम और क्रिस्पी पकौड़े खाने की सोचता है लेकिन हर बार पकौड़े ही क्यों. इस सुहाने मौसम में हलवाई जैसे खस्ता और चटपटे आलू-मटर के समोसे क्यों न ट्राई किए जाएं. बाहर से बेहद कुरकुरी पपड़ी और अंदर से चटपटे मसालेदार आलू-मटर की स्टफिंग वाला समोसा आपकी चाय का मजा दोगुना कर देगा.

कई लोगों की शिकायत होती है कि घर पर समोसे बाजार जैसे खस्ता या क्रिस्पी नहीं बनते लेकिन आज हम आपको हलवाई जैसी परफेक्ट पपड़ी और स्वाद पाने का आसान तरीका बताने जा रहे हैं. आइए जानते हैं इसकी रेसिपी.

आलू-मटर समोसा बनाने की सामग्री
मैदा: 2 कप
अजवाइन: आधा छोटा चम्मच (हाथों से क्रश की हुई)

नमक: स्वादानुसार

मोइन के लिए घी या तेल: 4-5 बड़े चम्मच (खस्ता बनाने के लिए)

उबले हुए आलू: 4 बड़े साइज (हाथों से मोटे-मोटे तोड़े हुए)

हरी मटर: आधा कप

हरी मिर्च: 2-3 (बारीक कटी हुई)

अदरक: 1 इंच का टुकड़ा (कद्दूकस किया हुआ या बारीक कटा)

साबुत धनिया: 1 छोटा चम्मच (हल्का दरदरा कुटा हुआ)

सौंफ: 1 छोटा चम्मच

जीरा: आधा छोटा चम्मच

काजू और किशमिश (वैकल्पिक): थोड़े से (हलवाई जैसा स्वाद देने के लिए)

लाल मिर्च पाउडर: आधा छोटा चम्मच

धनिया पाउडर: 1 छोटा चम्मच

गरम मसाला: आधा छोटा चम्मच

अमचूर पाउडर या चाट मसाला: 1 छोटा चम्मच (चटपटे स्वाद के लिए)

कसूरी मेथी: 1 छोटा चम्मच

हरा धनिया: बारीक कटा हुआ

तेल: समोसे तलने के लिए

बनाने की विधि
समोसे का खस्ता आटा गूंथें:

एक बड़े बर्तन में मैदा, नमक और अजवाइन मिलाएं.

अब इसमें 4-5 बड़े चम्मच पिघला हुआ घी या तेल (मोइन) डालें और हाथों से अच्छी तरह रगड़ते हुए मिलाएं (मोइन की सही पहचान यह है कि मुट्ठी बांधने पर मैदा बंध जाना चाहिए).

अब थोड़ा-थोड़ा नॉर्मल पानी डालते हुए एक सख्त (कड़ा) आटा गूंथ लें (ध्यान रहे, पूरी या रोटी की तरह मुलायम आटा न गूंथें). आटे को गीले कपड़े से ढककर 20 मिनट के लिए सेट होने के लिए रख दें.

चटपटी आलू-मटर स्टफिंग तैयार करें:
एक कढ़ाई में 2 चम्मच तेल गर्म करें. इसमें जीरा, सौंफ, कुटा हुआ साबुत धनिया, कद्दूकस किया हुआ अदरक और हरी मिर्च डालें.

अब इसमें हरी मटर और काजू-किशमिश डालकर थोड़ा भूनें.
इसके बाद लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला, अमचूर पाउडर और नमक डालकर मसालों को हल्का भून लें.

अब इसमें मोटे तोड़े हुए उबले आलू और कसूरी मेथी मिलाएं. सभी चीजों को अच्छी तरह भूनते हुए 2-3 मिनट पकाएं, अंत में हरा धनिया डालें. स्टफिंग तैयार है, इसे ठंडा होने दें.

समोसे की शीट बेलें और भरें:
सेट हुए आटे से एक बड़ी लोई तोड़ें और इसे ओवल शेप में थोड़ा लंबा और पतला बेल लें.

इसे बीच से दो हिस्सों में चाकू से काट लें. एक लोई से दो समोसे बनेंगे. एक हिस्से को उठाएं, उसकी सीधी किनारे पर उंगली से थोड़ा पानी लगाएं और दोनों सिरों को आपस में चिपकाकर एक कोन का आकार दें.

अब इस कोन के अंदर तैयार ठंडी आलू-मटर की स्टफिंग भरें.किनारों पर थोड़ा पानी लगाकर पीछे की तरफ एक छोटी सी प्लेट (चुनट) बनाएं और दोनों किनारों को अच्छी तरह सील कर दें ताकि तलते वक्त खुले नहीं.

धीमी आंच पर तलने की सबसे जरूरी ट्रिक:
एक कढ़ाई में समोसे तलने के लिए तेल गर्म करें. ध्यान रखें कि तेल हल्का गर्म होना चाहिए, बहुत तेज उबलता हुआ तेल नहीं.

समोसों को कढ़ाई में डालें और गैस की आंच को बिल्कुल धीमा रखें. धीमी आंच पर समोसे धीरे-धीरे पकते हैं जिससे उनकी पपड़ी एकदम खस्ता और कुरकुरी बनती है.

समोसों को उलट-पलट कर तब तक तलें जब तक वे दोनों तरफ से सुनहरे भूरे और क्रिस्पी न हो जाएं. अब आपके गरमा-गरम और खस्ता आलू-मटर के समोसे तैयार हैं.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button