मनोरंजन

‘फौजी’ सेट हादसे के बाद अस्पताल से डिस्चार्ज हुए राजेश शर्मा, अब खतरे से बाहर

साउथ एक्टर प्रभास की फिल्म फौजी के सेट पर कुछ दिन पहले बड़ा हादसा हो गया था. बॉलीवुड एक्टर राजेश शर्मा को एक जंगली कीड़े ने पैर में काट लिया था, जिसके बाद उनकी हालत गंभीर हो गई थी. वो कई दिनों तक कोलकाता के अस्पताल में भर्ती थे. काफी समय तक इलाज चलने के बाद, वो अब जाकर खतरे से बाहर हैं. अस्पताल से एक्टर को डिस्चार्ज कर दिया गया है.

अस्पताल से बाहर आए राजेश शर्मा
शनिवार को FWICE के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने इंडिया टुडे से बातचीत में इस खबर की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि एक्टर अब पूरी तरह ठीक हैं और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद कोलकाता से मुंबई लौट चुके हैं. उन्होंने ये भी बताया कि ब्लड शुगर का स्तर अचानक बहुत बढ़ जाने की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, लेकिन अब उनकी हालत अच्छी है. एक्टर अब कुछ ही दिनों में दोबारा काम शुरू कर देंगे. हमने भी राजेश शर्मा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन खबर लिखे जाने तक उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला.

क्या था पूरा हादसा?
जुलाई महीने की शुरुआत में राजेश शर्मा प्रभास की फिल्म फौजी की शूटिंग हैदराबाद में कर रहे थे. वहां घने जंगलों के बीच उन्हें किसी कीड़े ने काट लिया, जिसके बाद उनकी तबीयत थोड़ी बिगड़ने लगी. हालांकि राजेश शर्मा ने काम नहीं रोका. वो शूटिंग लगातार करते रहे. मगर वो जैसे ही कोलकाता जाने वाली फ्लाइट में चढ़े, तभी उनकी तबीयत और ज्यादा खराब होने लगी.

डायरेक्टर सुदीपता चटर्जी ने सोशल मीडिया के जरिए बताया था कि राजेश शर्मा हॉस्पिटल में भर्ती हैं और जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं. उनका परिवार काफी चिंता में था. ये खबर जैसे ही बाहर आई, फैंस भी उनके लिए परेशान हो गए थे. अक्षय कुमार, जिनके साथ राजेश शर्मा कई फिल्में कर चुके हैं उन्होंने भी सोशल मीडिया के जरिए एक्टर की अच्छी सेहत की कामना की.

अब कई दिनों तक इलाज चलने के बाद फाइनली राजेश शर्मा ने फैंस को गुड न्यूज दी है. ऑडियंस उन्हें जल्द प्रभास की फिल्म फौजी में देखने वाली है, जो 3 दिसंबर को रिलीज होने के लिए तैयार है. हाल ही में फिल्म का पोस्टर रिलीज करके इसे अनाउंस कर दिया गया है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button