Uttar Pradesh

सरयू-कमला एक्सप्रेस से रोटी-बेटी के रिश्ते को नई ऊर्जा: मुख्यमंत्री

सरयू-कमला एक्सप्रेस से रोटी-बेटी के रिश्ते को नई ऊर्जा: मुख्यमंत्री

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े, अयोध्या धाम स्टेशन से समारोह में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मां सरयू और कमला का मिलन विरासत व विकास का बेहतरीन संगम: मुख्यमंत्री

पड़ोसी प्रथम नीति से नेपाल सीमा पर बिछ रहा रेल और हाईवे का जाल: मुख्यमंत्री

पुनौरा धाम व 10 स्टेशनों पर ठहराव से बढ़ेगा धार्मिक पर्यटन: मुख्यमंत्री

127 साल बाद लौटे पिपरहवा अवशेष, नेपाल से अटूट आस्था: मुख्यमंत्री

19 घंटे में 604 किमी तय करेगी साप्ताहिक ट्रेन, भारत-नेपाल के बीच आवागमन होगा सुगम

अयोध्या
अयोध्या धाम एवं जनकपुर धाम के बीच सरयू कमला एक्सप्रेस का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से इस ऐतिहासिक रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन पर आयोजित मुख्य समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या और मिथिला की दो महान संस्कृतियों का पावन पौराणिक मिलन आज सरयू-कमला एक्सप्रेस के रूप में पुनर्जीवित हो रहा है। मां सरयू की पावन धारा से अभिसिंचित अयोध्या धाम और मां कमला के पवित्र जल से सिंचित माता जानकी की भूमि जनकपुर को जोड़ने वाली यह ट्रेन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विरासत और विकास के अद्भुत संगम का जीवंत उदाहरण है। इसके शुरू होने से नेपाल के श्रद्धालु सीधे रामलला के दर्शन के लिए आ सकेंगे और भारत के श्रद्धालु जनकपुर धाम जाकर माता जानकी के दर्शन कर सकेंगे।

हजारों वर्षों पुराना है रोटी-बेटी का रिश्ता 
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का हजारों वर्षों पुराना संबंध आस्था, आत्मीयता, साझी नदियों व परिवारों से जुड़ा है, जिसे रोटी-बेटी का रिश्ता कहते हैं। महर्षि विश्वामित्र संग राम-लक्ष्मण के मिथिला जाने और दशरथ द्वारा बारात ले जाने की कथा आज भी विवाह पंचमी पर जीवंत होती है। अयोध्यावासी जनकपुर को ससुराल और मिथिलावासी श्रीराम को पाहुन मानते हैं।

काशी से पशुपतिनाथ तक आध्यात्मिक सेतु 
मुख्यमंत्री ने कहा कि पशुपतिनाथ मंदिर और काशी विश्वनाथ धाम दोनों देशों को आध्यात्मिक सेतु से जोड़ते हैं। प्रतिवर्ष मकर संक्रांति पर गोरखनाथ मंदिर में नेपाल से आई खिचड़ी चढ़ती है और बासंतिक नवरात्रि पर नेपाल से यात्रा देवीपाटन आती है। भगवान बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी और साधना स्थल पिपरहवा (कपिलवस्तु), श्रावस्ती, सारनाथ व कुशीनगर साझा विरासत हैं। जुलाई 2025 में 127 वर्ष बाद हांगकांग से भारत लौटे बुद्ध के पवित्र पिपरहवा अवशेषों का उद्गम स्थल सिद्धार्थनगर सीमा के निकट है।

प्रधानमंत्री जी के 'HIT' फॉर्मूले से बदली सीमावर्ती कनेक्टिविटी 
मुख्यमंत्री ने कहा कि नेपाल की करनाली, गंडकी, राप्ती व महाकाली नदियां यूपी में सरयू, गंडक, राप्ती व शारदा बनकर बहती हैं। दोनों देशों की खुली सीमा विश्वास का अनोखा उदाहरण है। पड़ोसी प्रथम नीति के तहत यूपी के सात जनपद पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और महराजगंज नेपाल से लगभग 600 किलोमीटर सीमा साझा करते हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'HIT' फॉर्मूले यानी हाईवेज, आईवेज व ट्रांसवेज पर तेजी से काम हो रहा है। 2018 में जनकपुर-अयोध्या बस सेवा शुरू हुई और अब रुपईडीहा में प्रदेश का पहला लैंड पोर्ट तैयार है, जिसके आसपास इंडस्ट्रियल व लॉजिस्टिक कॉरिडोर विकसित हो रहा है।

हाईवे, एक्सप्रेसवे और राम जानकी मार्ग का विस्तार 
मुख्यमंत्री ने बताया कि बाराबंकी-बहराइच फोर लेन हाईवे बनने से रुपईडीहा-नेपालगंज का यात्रा समय आधा रह जाएगा। रुपईडीहा-नेपालगंज रोड क्षेत्र को नानपारा-बहराइच के रास्ते ब्रॉड गेज व विद्युतीकृत रेल नेटवर्क से जोड़ा गया है। सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट पर टर्मिनल व वेयरहाउस बन रहे हैं, जबकि पिछले सप्ताह 1,450 करोड़ रुपये से निर्मित 80 किलोमीटर लंबे गोरखपुर-सोनौली मार्ग का लोकार्पण हुआ। पिपरी नेपाल बॉर्डर से सिद्धार्थनगर व बस्ती होकर प्रयागराज तक फोर लेन कॉरिडोर पर कार्य जारी है। वहीं 750 किलोमीटर लंबा छह लेन गोरखपुर-शामली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे और अयोध्या से सीतामढ़ी होकर जनकपुर जाने वाला राम जानकी मार्ग भी आकार ले रहा है।

पुनौरा धाम व 10 स्टेशनों पर ठहराव से बढ़ेगा पर्यटन 
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या धाम में आज महर्षि वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट, डबल रेल लाइन, वंदे भारत और अमृत भारत जैसी आधुनिक सुविधाएं हैं। सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण सर्किट को नई ऊंचाई देगी। यह ट्रेन माता जानकी के प्राकट्य स्थल सीतामढ़ी होकर गुजरेगी, जहां पुनौरा धाम में भव्य मां जानकी मंदिर व आध्यात्मिक नगरी बन रही है। यूपी, बिहार और नेपाल के 10 स्टेशनों पर ठहराव से धार्मिक पर्यटन, व्यापार, होटल, शिल्प और परिवहन में हजारों रोजगार सृजित होंगे। यह ट्रेन जनकपुर में मिथिला पेंटिंग बनाने वाली बहनों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाएगी। उत्तर प्रदेश रामायण और बौद्ध दोनों सर्किट का केंद्र है।

अयोध्या जनकपुर के बीच ऐतिहासिक रेल सेवा: वेद प्रकाश गुप्ता 
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि अयोध्या से जनकपुर के बीच इस ऐतिहासिक रेल सेवा से त्रेता युग से जुड़े दोनों देशों के सांस्कृतिक व धार्मिक रिश्ते नई ऊंचाई पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अयोध्या में रेल, सड़क व हवाई कनेक्टिविटी का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। 

भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को मिलेगी नई मजबूती: राजेश कुमार पांडेय 
उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडेय ने कहा कि रामायण की सांस्कृतिक विरासत से जुड़े अयोध्या और जनकपुर के बीच रेल संपर्क स्थापित होना गौरवपूर्ण क्षण है। सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत-नेपाल के मैत्रीपूर्ण संबंधों को नई मजबूती देगी।

सरयू-कमला एक्सप्रेस की समय-सारिणी 
यह साप्ताहिक ट्रेन अयोध्या से जनकपुर के मध्य 604 किलोमीटर की दूरी करीब 19 घंटे में तय करेगी। यह प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे अयोध्या से रवाना होकर मंगलवार दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी और वापसी में प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से प्रस्थान करेगी।

कार्यक्रम में रहे मौजूद 
समारोह में कृषि एवं प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, एमएलसी हरिओम पांडे, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह, उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक राजेश पांडेय और मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा सहित रेलवे, प्रशासन व पुलिस के अधिकारी व श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button