मध्यप्रदेश

इंदौर में मिला एथनॉल-मुक्त 100 ऑक्टेन पेट्रोल, सामान्य पेट्रोल से 50 रुपये महंगा

इंदौर 

एथेनॉल मिले पेट्रोल से बचना है तो अब विकल्प मौजूद हैं, लेकिन इसके लिए जेब ढीली करनी होगी। मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में चुनिंदा पेट्रोल पंपों पर 100 ऑक्टेन वाला एथनॉल-मुक्त प्रीमियम पेट्रोल मिलना शुरू हो गया है। इसकी कीमत सामान्य पेट्रोल से करीब 50 रुपए ज्यादा है। पेट्रोलियम व्यापारियों का दावा है कि इंदौर के कलेक्ट्रेट के पास खुला हाई ऑक्टेन पेट्रोल पंप प्रदेश का पहला पंप है। महंगी कारों के मालिक इस ईंधन में रुचि दिखा रहे हैं। देशभर में एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल को लेकर बहस जारी है। केंद्र सरकार इसे कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता घटाने के लिहाज से बेहतर विकल्प बता रही है।

महंगी गाड़ियों के मालिक कर रहे मांग
इंदौर पेट्रोल डीलर एसोसिएशन के सदस्य राजेश चौधरी ने बताया कि महंगी गाड़ियां रखने वाले ग्राहक इस ईंधन की मांग कर रहे हैं। उन्हें सामान्य पेट्रोल में एथनॉल की मौजूदगी से अपनी गाड़ियों पर संभावित असर की चिंता है। इसके चलते महंगे पेट्रोल के विकल्प की उपलब्धता बढ़ने लगी है। इंदौर में कलेक्ट्रेट क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप पर इसकी बिक्री हो रही है। अगले सप्ताह से निपानिया क्षेत्र के पर भी उपलब्धता होगी। इस पेट्रोल की बिक्री के लिए अलग स्टोरेज टैंक, डिस्पेंसिंग मशीन और नोजल जैसी व्यवस्थाएं करनी पड़ती हैं। परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने जुलाई 2026 में कहा था कि एथनॉल मिश्रित पेट्रोल नहीं लेने वाले उपभोक्ता 100 प्रतिशत पेट्रोल खरीद सकते हैं, लेकिन उन्हें इसकी अधिक कीमत चुकानी होगी।

तीनों पेट्रोल में ये अंतर
सामान्य पेट्रोल में 20% तक एथेनॉल होता है। वहीं दूसरी ओर पावर में भी एथेनॉल 20% तक लेकिन विशेष एडिटिव्स और अधिक ऑक्टेन रेटिंग होती है। कीमत सामान्य से 4 रुपए प्रति लीटर ज्यादा है। जबकि 100 ऑक्टेन वाला प्रीमियम पेट्रोल एथेनॉल-मुक्त है। जो अब लोगों को शहर के कुछ पेट्रोल पंप में मिल सकेगा।

हर गाड़ी को नहीं मिलेगा ज्यादा ऑक्टेन का लाभ
अधिक ऑक्टेन वाला ईंधन ईंधन जलने और नॉकिंग की आशंका कम करता है। हालांकि, इससे हर कार का माइलेज बढ़ना जरूरी नहीं है। इसका फायदा उन्हीं वाहनों में अधिक मिलता है, जिनके इंजन हाई ऑक्टेन ईंधन के अनुरूप डिजाइन किए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button