खेल

भारतीय महिला हॉकी टीम बेल्जियम से 0-2 से हारी

एंटवर्प
 भारतीय महिला हॉकी टीम को एफआईएच प्रो लीग 2023/24 के यूरोपीय चरण के अपने दूसरे संघर्षपूर्ण मुकाबले में बेल्जियम से 0-2 से हार का सामना करना पड़ा। बेल्जियम के लिए एलेक्सिया 'टी'सेरस्तेवेन्स (34’) और लुइस ड्वाइट (36’) ने एक-एक गोल किया।

भारत ने मुकाबले में आक्रामक शुरुआत की और जल्द ही पेनल्टी कॉर्नर हासिल कर लिया लेकिन वे इसका फायदा नहीं उठा पाए। हालांकि भारत ने बेल्जियम पर दबाव बनाना जारी रखा जबकि बेल्जियम ने जवाबी हमले पर भरोसा किया लेकिन भारतीय डिफेंस ने मजबूती से मुकाबला किया और हर हमले को नाकाम कर दिया। हालांकि बेल्जियम को मैच की शुरुआत में गेंद पर कब्जे के लिए संघर्ष करना पड़ा था।

मेजबान टीम ने पहले क्वार्टर के अंत में पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया जिसे भारतीय गोलकीपर सविता ने बिना किसी परेशानी के बचा लिया। इस बीच भारत ने सर्कल में कुछ प्रवेश किए लेकिन नेट नहीं ढूंढ सके और पहला क्वार्टर गोलरहित रहा।

दूसरे कार्टर में बेल्जियम ने लगातार हमलों और पासिंग से दबाव बनाये रखा। भारत ने दबाव को बखूबी झेला और गेंद पर कब्जे तथा तेज पास से मैच का रुख अपनी तरफ रखने की कोशिश की। भारत ने बेल्जियम के डिफेंस को दो बार झकझोरा, लेकिन गतिरोध जारी रहा और पहला हाफ गोल रहित बराबरी पर समाप्त हुआ।

बेल्जियम तीसरे क्वार्टर में आक्रामक अंदाज में उतरा और उसने दो मिनट में एलेक्सिया 'टी'सेरस्तेवेन्स (34’) और लुइस ड्वाइट (36’) की मदद से दो मैदानी गोल कर 2-0 की बढ़त बना ली। इस बीच भारत ने वापसी करने की कोशिश की और तीसरे क्वार्टर के अंत में एक पेनल्टी कॉर्नर हासिल किया लेकिन उसका फायदा नहीं उठा पाए।

चौथे क्वार्टर में भारत ने बेल्जियम के डिफेंस की परीक्षा ली लेकिन मेजबान ने सफलतापूर्वक अपनी बढ़त का बचाव किया। भारत काफी कोशिश के बावजूद बेल्जियम का नेट नहीं ढूंढ सका और मैच बेल्जियम के पक्ष में 2-0 के साथ समाप्त हुआ। भारतीय फॉरवर्ड दीपिका सोरेंग ने मैच में अपना सीनियर पदार्पण किया।

भारतीय महिला टीम 25 मई को अपने अगले मैच में बेल्जियम से फिर भिड़ेगी। इससे पहले भारतीय महिला हॉकी टीम प्रो लीग 2023/24 के यूरोपीय चरण में अपने पहले मैच में अर्जेंटीना से 0-5 से हार गई थी।

हॉकी इंडिया ने जरमनप्रीत सिंह को 100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर दी बधाई

हॉकी इंडिया ने जरमनप्रीत सिंह को 100 अंतरराष्ट्रीय मैच पूरे करने पर बधाई दी है। जरमनप्रीत ने शुक्रवार को बेल्जियम के खिलाफ एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2023/24 मैच के दौरान यह उपलब्धि हासिल की।

अपनी निपुणता के लिए पहचाने जाने वाले पंजाब के डिफेंडर जरमनप्रीत ने ब्रेडा में 2018 पुरुष हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के लिए पदार्पण किया, जहां भारत दूसरे स्थान पर रहा। वह उस टीम का हिस्सा थे जिसने मस्कट, ओमान में 2018 पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीता था।

27 वर्षीय खिलाड़ी ने ढाका, में 2021 पुरुष एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम के तीसरे स्थान पर रहने में एक अभिन्न भूमिका निभाई। वह बर्मिंघम में 2022 राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक जीतने वाली टीम का भी हिस्सा थे। वह एफआईएच ओडिशा हॉकी पुरुष विश्व कप 2023 भुवनेश्वर-राउरकेला के साथ-साथ एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2022/23 के लिए भारतीय टीम के सदस्य थे। जरमनप्रीत ने 2023 में हांग्जो में एशियाई खेलों में भारतीय टीम के साथ स्वर्ण पदक जीता और वर्तमान में एफआईएच हॉकी प्रो लीग 2023/24 के यूरोप चरण में खेलने वाली टीम का हिस्सा हैं।

इस बड़ी उपलब्धि के बारे में पूछे जाने पर जरमनप्रीत ने हॉकी इंडिया के हवाले से कहा, 100 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करना वास्तव में सम्मान की बात है। मैं काफी भाग्यशाली हूं कि मुझे अपने परिवार, दोस्तों और सहयोगी स्टाफ से अच्छा समर्थन मिला। कड़ी मेहनत एक चीज है, लेकिन एक ठोस समर्थन होने से प्रक्रिया को आसान बनाने में मदद मिलती है। मैं उन सभी को उनके अथक समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं और इस खूबसूरत खेल को अपना सब कुछ देना जारी रखूंगा।

इस उपलब्धि को हासिल करने पर जरमनप्रीत को बधाई देते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉ. दिलीप टिर्की ने कहा, 100 मैचों में अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर पाना हर किसी के लिए अनुभव की बात नहीं है। इस मुकाम तक पहुंचने के लिए लगातार प्रयास और कड़ी मेहनत की जरूरत होती है। हम जरमनप्रीत के इस मील के पत्थर तक पहुंचने पर बधाई देते हैं। हमें दृढ़ विश्वास है कि वह देश के लिए शानदार प्रदर्शन करना जारी रखेंगे।''

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button