छत्तीसगढ़

अंधड़ चलने से युवक पर गिरा होर्डिंग, हादसे के बाद भी नगर निगम नहीं गंभीर

 

दुर्ग

दुर्ग में राजेंद्र पार्क चौक के निकट एक स्कूटी सवार के ऊपर होर्डिंग्स गिर गया। स्कूटी सवार युवक सड़क के बीचों-बीच गिर गया। गिरने की वजह से युवक जख्मी हो गया। घटना के दौरान पीछे से कोई बड़ा वाहन नहीं आ रहा था अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। हादसे को लेकर निगम प्रशासन गंभीर नहीं है। 24 घंटे बीतने के बाद भी निगम प्रशासन घटना की जांच कराने की बात ही कह रहा है।

बुधवार शाम दुर्ग-भिलाई में तेज अंधड़ चलने के साथ बारिश भी हो रही थी। शाम करीब छह बजे के आसपास राजेंद्र पार्क चौक दुर्ग के निकट होर्डिंग्स में लगा फ्लैक्स अंधड़ की वजह से उड़ कर गिर गया। यह होर्डिंग दुर्ग से भिलाई की तरफ जा रहे स्कूटी सवार एक युवक के ऊपर गिरा। इसके गिरते ही युवक भी स्कूटी सहित सड़क के बीचों बीच गिर गया। इस व्यस्तम मार्ग में सुबह से लेकर देर रात तक वाहनों का आवागमन लगा रहता है। लेकिन अंधड़ व बारिश के दौरान वाहनों की आवाजाही कम रही। इस वजह से बड़ा हादसा टल गया।

आयुक्त की बैठक का असर नहीं
मुंबई में हुए होर्डिंग्स हादसे के बाद 16 मई को दुर्ग निगम आयुक्त लोकेश चंद्राकर ने दुर्ग निगम के अधिकारियों और विज्ञापन एजेंसी संचालकों की बैठक ली थी। जिसमें निगम क्षेत्र में लगे होर्डिंग्स स्ट्रक्चर की जांच के संबंध में निर्देश दिया गया था। जिसमें आयुक्त ने जर्जर हो चुके होर्डिंग्स को उतरवाने कहा था।

साथ ही शहर में होर्डिंग्स से किसी भी प्रकार का कोई अप्रिय हादसा ना हो इससे बचाव के लिए सुरक्षात्मक उपाय सुनिश्चित करने भी निर्देशित किया था। आयुक्त ने विज्ञापन एजेंसियों को होर्डिंग्स स्ट्रक्चर की जांच कर एक सप्ताह में निगम ने रिपोर्ट प्रस्तुत करने कहा था। लेकिन अब तक इस मामले में रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किया जा सका है।

बिजली कंपनी भी परेशान
बिजली कंपनी भी लाइन के किनारे लगे होर्डिंग्स से परेशान है। फ्लैक्स अथवा स्ट्रक्चर से बिजली लाइन अंधड़ जैसी स्थिति में प्रभावित हो रही है। हमेशा लाइन ट्रिपिंग का खतरा रहता है। वर्तमान में बिजली कंपनी द्वारा वर्तमान में प्री मानसून मेंटेनेंस सभी स्थानों पर अलग अलग दिनों में किया जा रहा है।

जहां तारों के आसपास लगे पड़ों की शाखाओं को भी काटा जा रहा है जिससे वर्षा अथवा अंधड़ के दिनों में किसी तरह की अनहोनी को टाला जा सके। वहीं बिजली कंपनी का अमला उन होर्डिंग्स को भी सभी जोन में चिह्नित कर रहा है, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है अथवा होने की आशंका है। इन होर्डिंग्स की सूची तैयार करने के बाद बिजली कंपनी द्वारा इसे संबंधित क्षेत्र के निगम प्रशासन को कार्रवाई के लिए सौंपा जाएगा।

अभी भी मंडरा रहा है खतरा
दुर्ग निगम क्षेत्र में अभी भी कई स्थानों पर होर्डिंग्स में लगा फ्लैक्स लहरा रहा है। नया बस स्टैंड के सामने, वायशेप ब्रिज,पालीटेक्निक कालेज के सामने, भिलाई के नेहरू नगर चौक स्थित पुलिस टावर के निकट लगे फ्लैक्स का होर्डिंग्स हवा में उड़ रहा है। यदि सुरक्षा को लेकर उपाय नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में कोई भी व्यक्ति दुर्घटना का शिकार हो सकता है।

बेतरतीब होर्डिंग्स को लेकर उठता रहा है सवाल
दुर्ग निगम क्षेत्र में मनमाना और बेरततीब होर्डिंग्स लगाए जाने के मामले को लेकर निगम की कार्यशैली पर पहले भी सवाल उठता रहा है। निगम की पूर्व परिषद में कांग्रेसी पार्षद इस विषय को उठाते रहे हैं। निगम सामान्य सभा की बैठक में भी पार्षद समय-समय पर इस विषय को उठाते रहे हैं। इसके बाद निगम प्रशासन द्वारा व्यवस्था बनाने के नाम पर शहर को चार जोन में बांटा गया। इसके बाद भी शहर के भीतर बेतरतीब ढंग से होर्डिंग्स लगाए जाने का सिलसिला जारी है।

तेज अंधड़ के कारण होर्डिंग्स का फ्लैक्स फटकर एक स्कूटी सवार युवक के ऊपर गिरने की जानकारी मिली है। घटना के संबंध में संबंधित क्षेत्र के होर्डिंग्स संचालक को नोटिस जारी कर जवाब मांगा जाएगा। कुछ दिन पहले ही इनकी बैठक लेकर सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने कहा गया था। – लोकेश चंद्राकर, आयुक्त नगर निगम दुर्ग

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button