विदेश

प्रधानमंत्री मोदी ने मास्को में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया, कहा भारत और रूस के रिश्ते हमेशा गर्मजोशी से भरे रहे

मास्को
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस यात्रा के दूसरे दिन मास्को में भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने रूस को भारत के सुख-दुख का साथी बताया। पीएम मोदी ने कहा कि भारत और रूस के रिश्ते हमेशा गर्मजोशी से भरे रहे हैं। पीएम मोदी ने रूसी भाषा में संबोधन के साथ भारतीय समुदाय के सामने अपना भाषण शुरू किया। उन्होंने कहा, 'मैं अपने साथ हिंदुस्तान की मिट्टी की महक लेकर आया हूं।' पीएम मोदी ने कहा कि 'अपने तीसरे कार्यकाल में मैंने प्रण किया था कि अपने तीसरे कार्यकाल में तीन गुनी ताकत से काम करूंगा।'

भारत-रूस की दोस्ती हमेशा प्लस में

रूस के साथ रिश्तों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा, 'रूस शब्द सुनते ही, हर भारतीय के मन में पहला शब्द आता है- भारत के सुख-दुख का साथी, भारत का भरोसेमंद दोस्त। रूस में सर्दी के मौसम में तापमान कितना ही माइनस में नीचे क्यों न चला जाए, भारत-रूस की दोस्ती हमेशा प्लस में रही है, गर्मजोशी भरी रही है। ये रिश्ता म्यूचुअल ट्रस्ट और म्यूचुअल रेस्पेक्ट पर बना है।'

पीएम मोदी ने कहा, 'मुझे खुशी है कि वैश्विक समृद्धि को नई ऊर्जा देने के लिए भारत और रूस कंधे से कंधा मिलाकर चल रहे हैं। यहां मौजूद आप सभी लोग भारत और रूस के संबंधों को नई ऊंचाई दे रहे हैं। आपने अपनी मेहनत और ईमानदारी से रूस के समाज में अपना योगदान दिया है।'

10 साल में पुतिन से 17 बार मुलाकात

भारत-रूस की दोस्ती के लिए पीएम मोदी ने अपने 'परम मित्र रूस के राष्ट्रपति पुतिन के नेतृत्व की सराहना' की। पीएम मोदी ने पुतिन की तारीफ करते हुए कहा, 'उन्होंने दो दशक से ज्यादा समय तक इस पार्टनरशिप को मज़बूती देने के लिए शानदार काम किया है। बीते 10 सालों में मैं छठी बार रूस आया हूं और इन सालों मैं हम एक दूसरे से 17 बार मिले हैं।' उन्होंने कहा, 'ये सारी मुलाकात आपसी विश्वास और सम्मान बढ़ाने वाली रही है। जब हमारे छात्र संघर्ष के बीच फंसे थे, तो राष्ट्रपति पुतिन ने उन्हें वापस भारत पहुंचाने में हमारी मदद की थी। मैं रूस के लोगों का, मेरे मित्र राष्ट्रपति पुतिन का इसके लिए भी फिर से आभार व्यक्त करता हूं।'

संबोधन के दौरान पीएम मोद ने भारत और रूस के संबंधों में हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के योगदान का जिक्र करते हुए राजकपूर और मिथुन का भी नाम लिया। पीएम मोदी ने राज कपूर पर फिल्माए गए श्री 420 फिल्म के सुपरहिट गीत मेरा जूता है जापानी की लाइनें.. सिर पर लाल टोपी रूसी, फिर भी दिल है हिंदुस्तानी सुनाकर भारतीय समुदाय के योगदान को सराहा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button