Uttar Pradesh

जून का पहला हफ्ता खत्म, लेकिन भीषण गर्मी, उमस और गर्म हवाओं से नहीं राहत

उत्तर प्रदेश

जून का पहला हफ्ता खत्म होने को है लेकिन भीषण गर्मी, उमस और गर्म हवाओं से राहत नहीं है। हीट वेव का अलर्ट लगातार बढ़ता जा रहा है। आगरा में अब 12 जून तक गर्म हवाओं के थपेड़ों की चेतावनी जारी की गई है। इस बीच मौसम विज्ञानियों का कहना है कि बंगाल की खाड़ी में मॉनसून का करंट कमजोर रहने के कारण 31 मई से उप हिमालयी क्षेत्र स्थित पश्चिम बंगाल के इस्लामपुर में रुका हुआ है। मौसम विभाग ने उम्मीद जताई है कि 15 जून से बंगाल की खाड़ी में मॉनसून के करंट में सुधार होगा। इसके बाद ही मॉनसून के आगे बढ़ने की संभावना है। इस दौरान अगर बीच में किसी तरह की हलचल होती है, तो मॉनसून पहले भी आगे बढ़ सकता है।

शनिवार को भी सुबह से तेज धूप और दोपहर में गर्म हवाओं का सामना करना पड़ा। खुले में निकलने वालों को झुलसने का एहसास हुआ। 44 प्रतिशत की अधिकतम आर्द्रता ने छांव में भी पसीने छुड़ा दिए। एसी और कूलर भी राहत देने में हांफ गए। बहुत जरूरी होने पर ही लोग बाहर आए। अधिकतम तापमान सामान्य स्तर पर 43.1 डिग्रई सेल्सियस रिकार्ड किया गया। जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा होकर 28.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक अब 12 जून तक हीट वेव का अलर्ट है। इस बीच दिन का तापमान 46 डिग्री तक जाएगा। जबकि रात का पारा 30 डिग्री को पार कर सकता है।

जल्दी सोएं और जल्द उठें
रात को जितना जल्द संभव हो सो जाएं। कम से कम आठ घंटे की नींद लेना जरूरी है। बिस्तर पर जाते वक्त मोबाइल साथ न रखें। मान लीजिए आप रात 9 बजे बिस्तर पर जाते हैं तो 10 बजे तक नींद आ जाएगी। ऐसे में सुबह छह बजे तक आठ घंटे हो जाएंगे। इससे भी जल्द उठना है तो एक घंटा पहले सोएं। पसीने के जरिए शरीर का लवण और पानी लगातार कम होता रहता है। लवण (नमक) की पूर्ति के लिए ओआरएस का घोल सबसे बेहतर है। साथ में समय-समय पर पानी पीते रहें। इससे शरीर में आक्सीजन का बहाव बना रहता है। शरीर में ऊर्जा भी रहती है। देसी पेय पदार्थ भी पिए जा सकते हैं।

दो बार नहाना लाभकारी
अधिकतर लोग दिन में एक बार ही नहाते हैं। चूंकि इस सीजन भीषण गर्मी पड़ रही है। इसलिए शरीर के साथ दिमाग को भी ठंडा रखना बेहद जरूरी है। इसके लिए दिन में दो बार नहाना बेहतर रहेगा। शावर लेना सबसे अच्छा है। शरीर पर पानी देर तक और लगातार रहता है। बर्तन की अपेक्षा पानी की खपत भी कम होती है।

कानपुर में 12 तक लू का कहर, 13 से बढ़ेगी रात की गर्मी
कानपुर को लू-धूप से राहत नहीं मिल पा रही है। सुबह से ही तपिश भरी गर्मी शुरू हो गई। फिर उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। शनिवार को एयरफोर्स वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 44.3 डिग्री सेल्सियस रहा। रात की गर्मी भी बेकाबू रही। न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, 12 जून तक लू-धूप का दौर रहेगा। बदली से 13 से 15 जून तक रात में जबरदस्त गर्मी पड़ेगी।

सुबह से शाम तक हल्की बदली रहने और उत्तर पश्चिम हवाएं न चलने से शुक्रवार के मुकाबले अधिकतम तापमानों में कमी आई लेकिन गर्मी से राहत नहीं मिली। सुबह से शाम तक हर दो घंटे में गर्मी की स्थिति बदलती रही। हवाएं कभी दक्षिण-पश्चिमी चलीं तो कभी केवल पश्चिमी चलती रहीं।

सामान्य से अधिक चल रहा पारा
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 29.6 डिग्री रहा जो सामान्य से करीब 2.0 डिग्री अधिक है। मई से अब तक (अपवाद दिवस छोड़) अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर बने रहने से भी गर्मी का अहसास बढ़ गया है। अधिकतम नमी 34 और न्यूनतम 19 प्रतिशत होने के कारण हीट बल्ब टेंप्रेचर करीब 56 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे गर्मी का अहसास बढ़ गया।

कानपुर नगर समेत पूरी निचली पट्टी में गर्मी का लगातार ऑरेंज अलर्ट बना हुआ है। शुरू से ही कानपुर के नीचे के एक क्षेत्र में गर्मी ठहरी हुई है। इसमें गौतमबुद्ध नगर, बुलंदशहर, मथुरा, आगरा, झांसी, कानपुर नगर और कानपुर देहात आदि शहर शामिल हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, 12 जून तक लू-धूप का ऑरेंज अलर्ट बना रहेगा। इसके बाद हल्के बादल की संभावना है। रात की गर्मी बढ़ जाएगी।

आज हल्की लेकिन कल से तेज धूप
सीएसए के मौसम विज्ञानी डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया, रविवार को हल्की धूप रहेगी लेकिन लू-धूप से राहत नहीं मिलेगी। सोमवार को लू-धूप का दौर जारी रहेगा। तेज धूप खिलेगी और लू चलेगी। इसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। फिलहाल गर्मी से राहत की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम में बदलाव के बाद ही स्थिति बदलेगी।

हीट वेव की दस्तक, पारा 42 डिग्री के पार
पूर्वी यूपी में गर्म पश्चिमी हवाएं कहर बरपा रही हैं। पछुआ हवाओं के कारण दिन व रात का तापमान लगातार ऊपर चढ़ रहा है। तपिश भरे दिन और उमस भरी रात हो रही है। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस ऊपर उछल कर 42 डिग्री सेल्सियस के पार चला गया। इस महीने पहली बार दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार हुआ है। साथ ही रात के तापमान में भी दो डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है।

शनिवार को मौसम का मिजाज सुबह से ही तल्ख रहा। आसमान से बदल गायब रहे। इसके कारण सुबह से ही सूरज की तपिश असर दिखने लगी। दिन चढ़ने के साथ सूरज और लाल हुआ। सूरज की किरणें आग उगलती रहीं। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस अधिक है।

गर्म पछुआ हवाओं के कारण रात के तापमान में इजाफा हो रहा है। रात में उमस बढ़ रही है। शनिवार को रात का न्यूनतम तापमान 28.3 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 2.2 डिग्री सेल्सियस अधिक है। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में बढ़ोतरी जारी रहेगी। सोमवार को व मंगलवार को दिन का तापमान 44 से 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। रात में भी गर्मी बढ़ेगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button