देश

सितंबर में क्रूज पर होगा विश्व का पहला अंतर्राष्ट्रीय बी टू बी वेडिंग सम्मेलन

सितंबर में क्रूज पर होगा विश्व का पहला अंतर्राष्ट्रीय बी टू बी वेडिंग सम्मेलन

संरा ने भारतीय शांतिदूत मेजर राधिका सेन को पुरस्कार से नवाजा

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में पुनर्मतदान की याचिका की खारिज, हाई कोर्ट जाने को कहा

नई दिल्ली
 विवाह समारोह के आयोजन पर पहला अंतर्राष्ट्रीय बी-टू-बी सम्मेलन इस वर्ष सितंबर में सिंगापुर में एक क्रूज (जहाज) पर होगा जिसमें देश विदेश की 300 से अधिक कंपनियां भाग लेंगी।इंटरनेशनल कांग्रेस ऑफ़ इवेंट इंडस्ट्री (आईसीईआई) के संयोजक गुंजन सिंघल ने कल देर शाम यहां एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि ब्लैक रॉक होटल और रिसॉर्ट के सहयोग से आयोजित किए जा रहे इस अभिनव महोत्सव का नाम राजस्थान की तर्ज पर “क्रूजेस्तान-2024” रखा गया है। इस अवसर पर रिसॉर्ट्स वर्ल्ड क्रूज के अध्यक्ष माइकल गोह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष-इंटरटेटमेंट कोलिन केर, बिक्री एवं विपणन उपाध्यक्ष नरेश रावल, वेडिंग वोव (चेन्नई) के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी दक्षिणा नायडू मूर्ति, फोर्ट राजवाड़ा जैसलमेर के विनय खोसला, वेडिंग अफेयर्स पत्रिका के संस्थापक रजनीश राठी मौजूद थे।

सिंघल ने बताया गया कि फोर्ट राजवाड़ा जैसलमेर (राजस्थान) और वेडिंग वोव (चेन्नई) के सहयोग से आगामी 17 से 20 सितंबर तक सिंगापुर में एक क्रूज़ पर ब्लैक रॉक होटल और रिसॉर्ट के सहयोग से चार दिवसीय सम्मेलन होगा। इसमें भारत और दुनिया भर के 300 से ज़्यादा प्रतिष्ठित विवाह समारोह आयोजक भाग लेंगे। इस तरह का अनूठा सम्मेलन विश्व में पहली बार आयोजित किया जा रहा है। जिसमें भारत और दुनिया भर के विभिन्न देशों संयुक्त अरब अमीरात, यूरोप, ब्रिटेन, तुर्की, श्रीलंका, हांगकांग और सिंगापुर आदि से प्रतिनिधि भाग लेंगे।
सिंघल ने बताया कि सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रतिनिधियों का दल समुद्री यात्रा करते हुए फुकेत जाएगा और समुद्री मार्ग से ही वापस सिंगापुर आएगा।
रिसॉर्ट्स वर्ल्ड क्रूज के अध्यक्ष माइकल गोह ने कहा कि क्रूज़ेस्तान-2024 का उद्देश्य भविष्य की शादियों और सम्मेलनों के लिए एक शानदार स्थल के रूप में क्रूज की अपार संभावनाओं को सामने लाना है।
सिंघल ने बताया कि क्रूज़स्तान-2024 शादी की योजना बनाने वाले समूह के उद्योग में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। डेस्टिनेशन मैरिज एवं शादी की योजना बनाने का उद्योग तेजी से बढ़ रहा है। विवाह करने वाले जोड़े अपने जीवन के इस खास दिन को मनाने के लिए अनोखे और यादगार तरीके खोजते हैं। क्रूज पर विवाह समारोह सभी अतिथियों को एक अद्वितीय एवं रोमांचक अनुभव हो सकेगा।

 

सुप्रीम कोर्ट ने बिहार में पुनर्मतदान की याचिका की खारिज, हाई कोर्ट जाने को कहा

नई दिल्ली
उच्चतम न्यायालय ने बिहार के मुंगेर संसदीय क्षेत्र में कथित तौर पर कई मतदान केंद्रों पर कब्जे और कमजोर वर्ग के लोगों को मतदान नहीं करने देने का आरोप लगाते हुए उन जगहों पर पुनर्मतदान का निर्देश‌ चुनाव आयोग को देने की मांग वाली एक याचिका शुक्रवार को खारिज कर दी।

न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा और न्यायमूर्ति प्रसन्ना बी. वराले की अवकाशकालीन पीठ ने याचिका पर विचार करने से इनकार करते हुए इसे खारिज करने का आदेश पारित किया।पीठ ने इस मामले में याचिकाकर्ता कुमारी अनीता की ओर से पहले पटना उच्च न्यायालय से अपनी फरियाद करने का विकल्प नहीं अपनाने पर आपत्ति जतायीन्यायमूर्ति शर्मा की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा, "उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाए बिना आप उसे दोषी ठहरा रहे हैं। कृपया वहां (उच्च न्यायालय) जाएं।"

शीर्ष अदालत के इस रुख के बाद याचिकाकर्ता ने अपनी याचिका वापस लेने की गुहार लगाई, जो स्वीकार कर ली गई। पीठ ने अपने आदेश में कहा, "वर्तमान याचिका वापस लिए जाने के कारण खारिज की जाती है।"याचिका में राज्य (बिहार) के संबंधित अधिकारियों और वहां की सत्तारूढ़ पार्टी के इशारे पर कई मतदान केंद्रों पर कब्जा कर मतदान में गड़बड़ी करने का आरोप लगाते हुए मुंगेर के जिला चुनाव अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार सिंह को सभी प्रशासनिक जिम्मेदारियों से तत्काल हटाने का निर्देश देने की भी गुहार लगाई गयी थी।

 

संरा ने भारतीय शांतिदूत मेजर राधिका सेन को पुरस्कार से नवाजा

नई दिल्ली
 संयुक्त राष्ट्र (संरा) महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारतीय शांतिदूत मेजर राधिका सेन को ‘संयुक्त राष्ट्र मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया। गुटेरेस ने मेजर राधिका सेन की प्रशंसा करते हुए उन्हें ‘एक सच्ची नेता और आदर्श व्यक्तित्व’ करार दिया है।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि मेजर सेन का सम्मान भारत के लिए गर्व का क्षण है और भारतीय शांति सैनिकों ने अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता तथा साहस के माध्यम से वैश्विक शांति एवं सुरक्षा में योगदान देना जारी रखा हुआ है। उन्होंने कहा, “भारतीय महिलाएं सभी मोर्चों पर अग्रणी हैं-भारत के लिए गर्व का क्षण है!
संरा महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने भारतीय शांतिरक्षक मेजर राधिका सेन को ‘यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर’ पुरस्कार से सम्मानित किया।”
जायसवाल ने एक्स पर किये अपने पोस्ट में कहा, “हमारे शांतिरक्षकों ने अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता और साहस के माध्यम से वैश्विक शांति तथा सुरक्षा में योगदान देना जारी रखा हुआ है।”
गुटेरेस ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “भारत की मेजर राधिका सेन को हमारे ‘यूएन मिलिट्री जेंडर एडवोकेट ऑफ द ईयर’ के लिए बधाई। मेजर सेन एक सच्ची नेता और आदर्श व्यक्तित्व हैं।”
गुटेरेस ने कहा, “एमओएनयूएससीओ (मोनुस्को) के साथ उनकी उपलब्धियां विशेषकर शांति और सुरक्षा के लिए महिलाओं की आवश्यक भूमिका को रेखांकित करती हैं।”
संयुक्त राष्ट्र ने संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिकों के अंतरराष्ट्रीय दिवस के रूप में मनाए गए कार्यक्रम के दौरान गुरुवार को मेजर सेन को यह पुरस्कार प्रदान किया। इसी दिन भारतीय शांतिरक्षक नायक धनंजय कुमार सिंह को मरणोपरांत ‘डैग हैमरस्कजॉल्ड मेडल’ से सम्मानित किया गया।
भारत संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में सैनिकों का दूसरा सबसे बड़ा योगदानकर्ता है। इसने वर्तमान में अबेई, मध्य अफ्रीकी गणराज्य, साइप्रस, कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य, लेबनान, मध्य पूर्व, सोमालिया, दक्षिण सूडान और पश्चिमी सहारा में संयुक्त राष्ट्र के अभियानों में 6,000 से अधिक सैन्य तथा पुलिसकर्मियों को तैनात कर रखा है।
गौरतलब है कि नायक धनंजय कुमार सिंह ने डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो में संयुक्त राष्ट्र स्थिरीकरण मिशन (मोनुस्को) के साथ काम किया। मेजर राधिका सेन ने भी मोनुस्को के साथ काम किया।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button