Uttar Pradesh

वाराणसी में गर्मी ने 140 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया

वाराणसी

वाराणसी में गर्मी ने पिछले 140 का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बुधवार को लगातार दूसरे दिन पारा 47 डिग्री सेल्सियस के पास रिकॉर्ड किया गया। मंगलवार को अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा था। यह सामान्य से 6.9 डिग्री अधिक था। तापमान की दृष्टि से बनारस प्रदेश में चौथा सबसे गर्म शहर रहा। न्यूनतम तापमान भी रिकार्ड बनाता दिख रहा है। मंगलवार को यह 30.2 डिग्री रहा। इस नाते रात को भी प्रचंड गर्मी से राहत नहीं मिली। वाराणसी में दो दिन बाद एक जून को लोकसभा चुनाव के लिए वोटिंग भी है। अगर ऐसा ही मौसम रहा तो वोटिंग भी प्रभावित हो सकती है। हालांकि मौसम विभाग के अनुसार दो दिनों बाद कुछ राहत मिल सकती है।

वाराणसी में भीषण गर्मी के कारण सड़कों पर सन्नाटा दिखाई दे रहा है। हर समय जाम की जकड़ में रहने वाली बीएचयू के ठीक सामने की सड़क और रविदास गेट के पास भी ट्रैफिक नहीं दिखा। इसी तरह बड़े बाजारों में भी इक्का दुक्का लोग ही आते-जाते दिखाई दे रहे हैं।

लखनऊ मौसम विभाग के वैज्ञानिक मो. दानिश ने बताया कि बीएचयू में 1884 से मौसम के आंकड़े दर्ज होते रहे हैं। उसके अनुसार 18 मई 1884 को अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री दर्ज हुआ था। उसके 140 वर्षों के बाद मंगलवार को 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान का नया रिकॉर्ड दर्ज हुआ। वहीं, बाबतपुर स्थित मौसम विभाग के कार्यालय के अनुसार मंगलवार की गर्मी ने 26 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा है। इसके पहल 23 मई 1998 को अधिकतम तापमान 46.8 दर्ज हुआ था।

बुधवार को 12 बजे 47 डिग्री तापमान
बुधवार को 12 बजे तापमान 47 डिग्री पर पहुंच गया। इससे पहले मंगलवार सुबह आठ बजे अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री, सुबह दस बजे 39.2, 11 बजे 40 डिग्री, दोपहर 12 बजे 45.9, दो बजे 47.3, अपराह्न तीन बजे 47.6 और चार बजे 47.2 डिग्री था। रात आठ बजे तापमान 40.1 डिग्री रहा।

यूपी में झांसी सबसे गर्म जिला
तापमान की दृष्टि से मंगलवार को झांसी प्रदेश में सबसे गर्म जिला रहा। यहां अधिकतम तापमान 49 डिग्री था। वहीं आगरा में 48.6, प्रयागराज और हमीरपुर में 48.2 डिग्री तक पारा पहुंचा। बनारस के अलावा फतेहपुर में भी अधिकतम तापमान 47.6 डिग्री रहा।

छह दिन में 8.5 डिग्री बढ़ा तापमान
तारीख     अधिकतम    न्यूनतम
28 मई     47.6           30.8
27 मई     43.4          30.4
26 मई     42.8          30.8
25 मई     42.3          29.5
24 मई     40.8          27.5
23 मई     35.5          26.2

140 साल में दस सबसे अधिक तापमान
वर्ष               अधिकतम तापमान
18 मई 1884          47.2
15 मई 2010          46.1
16 मई 2022          46.0
27 मई  2020         45.9
24 मई  1984         45.8
23 मई 1998          45.6
24 मई 2015          45.5
26 मई 2020          45.4
22 मई  1998         45.3

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button